संवाद न्यूज एजेंसी
मैड़ी (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों का एक दल पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय अंब में पहुंचकर सचिन शर्मा से मिला। उन्होंने एसडीएम को माता की चुनरी और प्रसाद देकर सम्मानित किया। इस के बाद उन्होंने चिंतपूर्णी में स्थानीय लोगों, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों को आ रही समस्याओं को लेकर एसडीएम के साथ विस्तार से चर्चा की। एसडीएम सचिन शर्मा ने पुजारियों की ओर से रखी गई समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उन्हें हल करने का आश्वासन दिया। रविंद्र छिंदा ने कहा कि चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भलाई के लिए एसडीएम अंब सचिन शर्मा की ओर से क्रांतिकारी कदम उठाए गए। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधापूर्ण आवाजाही, सफाई और वाहनों के सुचारु आवागमन को लेकर कुछ कदम उठाए हैं। उन्हें अपनी अन्य समस्याओं के हल होने की आस जगी है। पिछले कुछ दिनों में ही प्रशासन की ओर से चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं। एसडीएम सचिन शर्मा ने बताया कि चिंतपूर्णी से बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा की अगुवाई में उनसे कुछ लोग मिलने आए थे। उनकी समस्याओं का बहुत जल्द सार्थक हल निकाला जाएगा।