अंब(ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की बेहड़ जस्वां पंचायत के चक्क खेल मैदान में नौ से 15 नवंबर तक मां चिंतपूर्णी क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में शनिवार को स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ चक्क खेल मैदान पहुंचकर प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की। आयोजन को बेहतर बनाने के लिए विधायक ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें केवल चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की टीमों को ही खेलने का मौका मिलेगा और सभी मैच लेदर बॉल से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा जबकि उप विजेता टीम को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके साथ ही प्रत्येक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।