कैश लेस इकोनॉमी को बढ़ावा देना है मुख्य उद्देश्य : अधीक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। जिले के सभी डाकघरों में अधीक्षक डाकघर ऊना डाक मंडल भूपिंद्र सिंह के नेतृत्व में एक जुलाई से पांच जुलाई तक सेवा भाव सप्ताह मनाया जाएगा। डाक विभाग की छोटी-छोटी टीमों के माध्यम से जन चेतना अभियान चलाया जाएगा। इसमें लोगों को डाक विभाग में डिजिटल लेनदेन का उपयोग करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। डिजिटल युग के समय में डाक विभाग में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने, मेल सेवाओं में ट्रैक एंड ट्रेस की सुविधा प्रदान करने, डोर स्टेप बैंकिंग, इंश्योरेंस सेवाओं का डिजिटलीकरण करने जैसे कई बड़े स्तर के बदलाव हुए हैं। इनका उद्देश्य आम नागरिक को लाभान्वित करना है। इस डिजिटल क्रांति का लाभ आम आदमी भी उठा सकें, इसके लिए गांव-गांव में जागरुकता कैंप डाक विभाग लगाएगा। कैश लेस इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए व्यवसायियों एवं छोटे दुकानदारों को मर्चेंट क्यूआर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस दौरान ईकेवाईसी के माध्यम से लोगों के निष्क्रिय बचत खातों को रिवाइव करने का अभियान भी चलाया जाएगा। इसका लाभ ऊना जिला के सभी निवासी डाकघर का दौरा कर उठा सकते है। अधीक्षक डाकघर ऊना डाक मंडल भूपिंद्र सिंह ने ऊना जिला के सभी निवासियों से सेवा भाव सप्ताह के दौरान डाकघरों की विजिट करने की अपील की है।