भदसाली में पकड़ी गई शराब की जांच करते हुए पुलिस कर्मी।संवाद
हरोली (ऊना)। हरोली पुलिस ने भदसाली गांव में शुक्रवार सुबह ऊना-होशियारपुर मार्ग के किनारे स्थित एक घर में दबिश दी। इस दौरान पुलिस को घर से देसी व अंग्रेजी की कुल 271 पेटियां बरामद हुईं।
इन जब्त की गई शराब में 247 पेटी देसी और 24 पेटी अंग्रेजी शराब की हैं। इसमें छह अलग-अलग ब्रांड की शराब शामिल है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना हरोली की टीम ने थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। आरोपी की पहचान सौरव निवासी भदसाली हार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा कि आरोपी अपने घर में बीते कई साल से अवैध रूप से शराब की खरीद-फरोख्त का धंधा करता है। इसी आधार पर पुलिस ने मौका मिलते ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। हरोली थाना के प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि किसी भी प्रकार के नशा व्यापारियों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि हरोली क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति गुप्त सूचना मोबाइल नंबर 7018995910 पर व्हाट्सएप कर सकता है। उसका नाम कहीं भी जाहिर नहीं किया जाएगा।