थानाकलां (ऊना)। विकास खंड बंगाणा में पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में थाना बंगाणा, लठियाणी तथा थानाकलां क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने बाजारों, मुख्य चौकों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। फ्लैग मार्च में पुलिस के कई जवान शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रत्येक गतिविधि और माहौल खराब करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।