अंब(ऊना)। विवाह से दो दिन पूर्व घर से लापता युवती की तलाश पुलिस टीमें जुट गई हैं। पड़ोसी राज्य सहित हर संभावित स्थलों की ओर टीमें रवाना हो गई हैं। युवती की शादी 7 मई को होनी तय थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं लेकिन मंगलवार सुबह युवती अचानक घर से गायब पाई गई। परिजनों ने अपने स्तर पर युवती की काफी खोजबीन की, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पास के ही गांव का एक विवाहित व्यक्ति युवती को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और तनाव का माहौल है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस गहनता से जांच कर रही है। युवती और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें पड़ोसी राज्यों सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल के जिला संयोजक राहुल ठाकुर, सह संयोजक सुरेश सोनी, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष मस्तान सिंह और जिला प्रचार-प्रसार मंत्री कपिल सूद सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से भेंट की और मामले के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।