फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के लिए स्थापित हैं अलग-अलग लैब
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर(ऊना)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुबारिकपुर में छठी कक्षा से 12वीं कक्षा तक प्रवेश प्रक्रिया जारी है। प्रधानाचार्य दिलबाग सिंह राणा के अनुसार स्कूल में कला, वाणिज्य तथा साइंस विषय भी उपलब्ध है। स्कूल में छठी से लेकर 12वीं तक के छात्रों के लिए हिंदी और अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाई जाती है। स्कूल में छात्रों के बैठने के लिए डेस्क तथा कमरों की उचित व्यवस्था है। वहीं, कंप्यूटर लैब, दो वोकेशनल लैब जिसमें ऑटोमोबाइल तथा टूरिज्म लैब शामिल है। साइंस विषयों फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के लिए अलग से लैब है। एक अटल टिंकरिंग लैब, एक साइंस इनोवेशन लैब, रोबोटिक्स लैब, मैथ्स लैब भी कार्य कर रही हैं। छात्रों के खेलने के लिए कबड्डी का इंडोर खेल मैदान, हॉकी, वॉलीबाल, बैडमिंटन आदि के खेल मैदान, मिड-डे मील की व्यवस्था, मुफ्त किताबों की व्यवस्था, विभिन्न छात्रवृत्तियां और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। स्कूल में एनएसएस, स्काउट और गाइड की भी एक इकाई कार्य कर रही है। प्रधानाचार्य के अनुसार अभी तक विद्यालय में लगभग 500 बच्चों ने दाखिला ले लिया है। मुबारिकपुर स्कूल फिर से 500 के क्लब में शामिल हो गया है। प्रधानाचार्य के अनुसार पिछले सत्र में 12वीं कक्षा साइंस के छात्र कार्तिक शर्मा ने बोर्ड मेरिट में स्थान प्राप्त किया था। इसी के साथ बोर्ड परीक्षा में 72 विद्यार्थियों ने मेरिट प्रमाण पत्र प्राप्त किए थे। इसी दिशा में और प्रयास करते हुए 22 अप्रैल को स्कूल प्रांगण में पृथ्वी दिवस मनाया गया।