30 मार्च तक चलेगा अभियान
स्वास्थ्य खंड गगरेट में टीबी से पीड़ित हैं 35 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। 100 दिन टीबी अभियान के तहत बुधवार को नागरिक अस्पताल गगरेट में खंड स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. पंकज शर्मा ने कर्मचारियों को टीबी मुक्त अभियान की शपथ दिलाई। 30 मार्च तक चलने वाले इस अभियान में आशा वर्कर और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। यही नहीं बल्कि एक्सरे वैन भी हर गांव में जाकर लोगों के एक्सरे करेगी ताकि स्वास्थ्य खंड गगरेट को टीबी मुक्त खंड बनाया जा सके। मौजूदा समय में स्वास्थ्य खंड गगरेट में टीबी से पीड़ित 35 मरीज हैं तो स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से 71 मरीज टीबी से लड़ाई लड़कर इससे मुक्ति पा चुके हैं। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य खंड गगरेट में भी सात दिसंबर से लेकर 30 मार्च तक 100 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आशा वर्कर घर-घर जाकर टीबी के संभावित मरीजों की तलाश में जुटी हैं। इस अभियान के तहत ऐसे लोगों का निरीक्षण किया जा रहा है जिनकी आयु या तो साठ साल से ऊपर है या फिर वह मधुमेह, कैंसर, हाइपरटेंशन जैसी रोगों से पीड़ित हैं। इसके साथ शराब और धूम्रपान के आदि लोगों की भी जांच सुनिश्चित की जा रही है। खंड स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. पंकज शर्मा ने बताया कि टीबी मुक्त अभियान के तहत आशा वर्कर हर घर में दस्तक दे रही हैं।