औद्योगिक क्षेत्र गगरेट के विकास की गति को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव
जिला उद्योग विभाग ऊना की ओर से केंद्रीय उच्च विभाग को भेजा गया प्रस्ताव
सुरेश बसन
ऊना। जिले के औद्योगिक क्षेत्र गगरेट के ढांचागत व्यवस्था को संवारने की योजना है। जिला उद्योग विभाग की ओर से इस संबंध में प्राक्कलन प्रस्ताव बनाकर राज्य उच्च विभाग को प्रेषित कर दिया गया है। हाल ही में भेजे गए प्रस्ताव में गगरेट के उद्योगों के लिए विकासात्मक ढांचा विकसित किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग के माध्यम से 17.74 करोड़ रुपये यहां खर्च किए जाएंगे। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए भेजे गए प्रस्ताव की मंजूरी मिलने के बाद यकीनन ही पुराने औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाओं का विकास देखने को मिलेगा। बड़ी राशि से होने वाले विकास कार्यों में गगरेट औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें यहां चकाचक होंगी। दूसरी ओर क्षेत्र के तहत गंदे पानी की निकासी, जलभराव से मुक्ति के लिए ड्रैनेज सिस्टम, पेयजल योजना, सीवरेज सिस्टम के ढांचे को मजबूत किया जाएगा। वहीं, रात के अंधेरे में औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों का प्रावधान भी किया जाएगा। रात्रि के समय शिफ्ट में ड्यूटी देने आने वाले कामगारों को स्थानीय सड़कें दुधिया रोशनी से जगमगाती नजर आएंगी। साथ ही उद्यमियों के लिए भी ये विकासात्मक योजनाएं बड़ी सुविधा प्रदान करेंगी।
हालांकि अभी उद्योग विभाग ने प्राक्कल प्रस्ताव बनाकर राज्य उच्च विभाग को भेजा है। राज्य सरकार की मुहर लगने के बाद यह मंजूरी के लिए केंद्रीय मंत्रालय की मंजूरी के लिए प्रेषित होगा। जैसे ही इस मंत्रालय से मंजरूी के लिए हां मिलेगी। इस बड़ी राशि के जारी होते ही इन विकास कार्यों को गति मिलेगी। जिसके लिए स्थानीय उद्योगिक इकाइयों को अभी थाेड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
-
औद्योगिक क्षेत्र की विकास प्राजेक्ट रिपोर्ट बनाकर राज्य को भेज दी गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर वहां से यह राशि मंजूरी के लिए केंद्रीय मंत्रालय को जाएगी। आशा है कि इस राशि की मंजूरी जल्द मिलेगी।
-अंशुल धीमान, संयुक्त निदेशक, उद्योग ऊना