भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में तीन दिन चलने वाला नववर्ष मेला रविवार को हुआ। मेले के तीसरे दिन रविवार को भक्तों की ज्यादा भीड़ देखने को नहीं मिली। शनिवार को नए साल के पहले दिन मां के दरबार में काफी ज्यादा संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। शुक्रवार से शुरू तीन दिन के इस नववर्ष मेले में तीनों दर्शन पर्ची काउंटर की दर्शन पर्ची के रिकॉर्ड के हिसाब 40 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई है। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु बिना दर्शन पर्ची के भी मंदिर में दर्शन कर गए। चिंतपूर्णी मंदिर में नववर्ष मेले के पहले दो दिन शुक्रवार और शनिवार को भक्तों ने 26 लाख की नकदी का चढ़ावा चढ़ाया है। इन तीन दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा होने के बावजूद बाजार में सफाई व्यवस्था बेहतर दिखी। सुलभ शौचालय के 29 सफाई कर्मी दिन में सफाई को चुस्त-दुरुस्त बनाते हुए दिखे। रविवार को क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर देखी और सिर्फ जरूरी वाहनों को ही मंदिर भेजा गया। इसके अलावा लिफ्ट में बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मंदिर भेजने की सुविधा दी गई।