बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के तहत पड़ते अनोखा टांडा क्षेत्र के पास पंजाब के श्रद्धालुओं का एक पिकअप ट्राला पलट गया। गनीमत रही कि ट्राले में सभी सवार सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु धार्मिक स्थल पीरनिगाह से शाहतलाई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तलाई क्षेत्र के पीछे अनोखा टांडा के नजदीक अचानक ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। समय रहते ट्राले में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, पिकअप गाड़ी को मशीन की मदद से बाहर निकलकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित अन्य वाहन में भेज दिया गया है। सभी श्रद्धालु पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले थे। डीएसपी अजय ठाकुर ने कहा कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। एक को मामूली चोटें आई हैं, जिसका प्राथमिक उपचार करवा कर उसे भी भेज दिया गया। संवाद