पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान राहगीर से बरामद किया नशा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना मैहतपुर के तहत पेखूबेला में एक पैदल जा रहे व्यक्ति के पास 434.33 ग्राम हेरोइन की खेप बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी अमरीक सिंह निवासी वार्ड-1 गांव व डाकघर जनकौर तहसील और जिला ऊना के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार थाना मैहतपुर पुलिस की टीम वीरवार देर रात पेखूबेला में स्थित एक फैक्टरी के पास मौजूद थी। इस दौरान नाकाबंदी कर वाहनों की जांच चल रही थी कि एक राहगीर जनकौर की तरफ से आया। वह पुलिस की नाकाबंदी देखकर घबरा गया और सड़क के साथ लगते कच्चे रास्ते की ओर भागा। आरोपी ने अपने हाथ में पकड़ा पॉलीथीन झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस टीम ने शक के आधार पर आरोपी को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पुलिस टीम ने जब तलाशी ली तो आरोपी द्वारा फेंके गए पॉलीथीन में भुक्की बरामद हुई, जिसका वजन 434.33 राम पाया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।