संवाद न्यूज एजेंसी
पंजावर (ऊना)। पंजावर के मुख्य बाजार में इन दिनों यातायात की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। एक ओर लगातार हो रही बारिश से लोग पहले ही परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों की ओर से जहां-तहां गाड़ियां खड़ी कर देने से स्थिति और भी जटिल हो गई है। इस अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मुख्य मार्ग पर निकलना मुश्किल हो गया है। जब भी कोई व्यक्ति अपनी गाड़ी मुख्य मार्ग पर लाता है, तो दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यह सड़क हरोली क्षेत्र को गगरेट क्षेत्र से जोड़ती है और आसपास के लोग इसी मार्ग से माता चिंतपूर्णी और होशियारपुर की ओर भी जाते हैं, जिससे इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। स्थानीय व्यापारियों हैप्पी और राकेश ने बताया कि दिन के समय के लिए ही सही, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की उचित व्यवस्था होनी चाहिए ताकि लोगों को आवाजाही में सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।कुछ दिन पहले ही पंडोगा क्षेत्र में एक स्कूल बस और कार के बीच टक्कर हो चुकी है, जिससे इस समस्या की गंभीरता और भी स्पष्ट हो जाती है। प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाए।