एरियर की केवल एक किस्त मिलने पर जताई नाराजगी, जल्द भुगतान मांगा
मुख्यमंत्री ने पेंशनरों की मांगों को पूरा करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर हिम आंचल पेंशनर संघ जिला ऊना के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान ज्ञापन के माध्यम से पेंशनरों से जुड़े कई वर्षों से लंबित मामलों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। संघ के जिला अध्यक्ष राम कुमार मक्खन ने बताया कि जनवरी 2016 से पेंशनरों के संशोधित वेतनमान से संबंधित अनेक मामले एचपी एजी कार्यालय में लंबित पड़े हैं, जिनका शीघ्र निपटारा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने 1 जनवरी 2016 से पहले और बाद के पेंशनरों को एरियर की केवल एक किस्त मिलने पर नाराजगी जताते हुए पूरे एरियर का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई। पेंशनरों ने यह भी बताया कि विभिन्न विभागों में उनके लाखों रुपये के मेडिकल बिल लंबित हैं। कई पेंशनरों को इलाज के लिए कर्ज तक लेना पड़ा है, ऐसे में मेडिकल बिलों की समय पर अदायगी के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जाए। इसके अतिरिक्त 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के दौरान दिवंगत हुए फैमिली पेंशनरों के एरियर का भुगतान उनके वारिसों को शीघ्र देने, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों का भुगतान करने और 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर मिलने वाले महंगाई भत्ते को पेंशन के मूल वेतन में समायोजित करने की मांग भी रखी गई। इस अवसर पर जिला महासचिव देवराज शांडिल, अंब प्रधान कैलाश सौंखला सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पेंशनरों की समस्याओं को मानवीय दृष्टिकोण से गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। यह जानकारी ऊना खंड के अध्यक्ष रोशन लाल चौधरी ने दी।