हिम आंचल पेंशनर संघ खंड अंब के पदाधिकारियों ने बैठक में उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। हिम आंचल पेंशनर संघ खंड अंब की बैठक बुधवार को प्रधान कैलाश चंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित संघ के सदस्यों ने प्रदेश की सुक्खू सरकार से लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान एक माह के भीतर करने की पुरजोर मांग की है। संघ सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करेगी। साथ ही पेंशनरों ने सभी विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों को शीघ्रता से कोषागार कार्यालय में जमा करवाएं, ताकि उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित हो सके। संघ के महासचिव देव राज शांडिल ने सभी पेंशनरों से आगामी 17 दिसंबर को पेंशनर दिवस पर घुमारवीं में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया। यह बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने स्थित निजी गेस्ट हाउस में पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित होगी। इस बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रधान कैलाश चंद, महासचिव देव राज शांडिल, वित्त सचिव जगदीश राम, चीफ पैट्रन जीआर चौधरी, सदस्य जोगिंद्र सिंह राणा, मुख्य सलाहकार योग राज धीमान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, सहसचिव राम रतन शर्मा, कुशल कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।