अंब (ऊना)। ग्राहकों को आलू और प्याज के बिल न देने पर खाद्य निरीक्षक ने मुबारिकपुर में पांच दुकानदारों से 2,500 रुपये जुर्माना वसूल किया है। अचानक विभाग की टीम के पहुंचने पर हुई कार्रवाई के कारण स्थानीय बाजार में हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार फूड इंस्पेक्टर सरोज कुमार ने सोमवार को मुबारिकपुर बाजार में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अन्य चीजों की जांच पड़ताल के दौरान पाया गया कि कई दुकानदार ग्राहकों को खरीदे गए सामान का बिल नहीं दे रहे हैं। इसमें आलू, प्याज जैसा सामान भी शामिल था। इस पर विभिन्न दुकानों पर जांच के बाद आलू, प्याज विक्रेता पांच दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए 2500 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। खाद्य निरीक्षक सरोज कुमार ने बताया कि सोमवार को मुबारिकपुर में दुकानों का निरीक्षण किया गया। इसमें पाया गया कि दुकानदार ग्राहक को सामान का बिल नहीं देते हैं। जो गलत है। ऐसे दुकानदारों से जुर्माना वसूल किया गया है। संवाद