मैहतपुर (ऊना)। जिला ऊना के मैहतपुर स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मैहतपुर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजन करनैल सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि स्थानीय निजी अस्पताल में रविंद्र कुमार (39) को उपचार के लिए भर्ती करवाया था। डॉक्टरों ने रविंद्र के नाक का माइनर ऑपरेशन करने की सलाह दी। बुधवार को करीब पांच बजे रविंद्र कुमार को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। यहां काफी देर तक उसका ऑपरेशन चलता रहा।
कुछ देर बाद डॉक्टर ने परिजनों को अंदर बुलाया और कहा कि मरीज की हालत नाजुक हो चुकी है। उसे बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए उनके मोहाली स्थित अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ेगा। परिजनों ने शिकायत में कहा है कि आनन-फानन में एंबुलेंस के माध्यम से रविंद्र कुमार को मोहाली स्थित अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान उसके नाक और मुंह से लगातार खून बहता रहा। मोहाली में अभी एंबुलेंस से उतारा भी नहीं था कि डॉक्टरों ने रविंद्र कुमार को मृत करार दे दिया।
परिजनों का कहना है कि मृतक रविंद्र के नाक में मामूली मांस बढ़ा था। इसका उपचार मैहतपुर स्थित निजी अस्पताल में ईएनटी सर्जन से करवाया जा रहा था। मृतक रविंदर कुमार के परिजनों ने मैहतपुर थाने में पहुंचकर डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाकर न्याय की मांग की है।
नाक का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया था। इसके बाद मरीज को सांस की तकलीफ पैदा हुई। इससे अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए मोहाली स्थित निजी अस्पताल में रेफर किया गया था।
-डॉ. कोमल मलिक, संचालक, निजी अस्पताल
मृतक रविंद्र कुमार के परिजनों की शिकायत के आधार पर मैहतपुर थाना में 336, 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।
-अंकित शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक, ऊना