अभिभावकों की सरकार को दो टूक चेतावनी, निर्णय वापस नहीं लिया तो होगा उग्र प्रदर्शन
शिक्षा उपनिदेशक को ज्ञापन सौंप फैसला वापस लेने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय उत्कृष्ट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल संतोषगढ़ और वीरेंद्र गौतम मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संतोषगढ़ का विलय करने के विरोध में स्वर उठने लगे हैं। अभिभावकों ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो वे सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेंगे। दोनों स्कूलों को मर्ज करने के विरोध में कन्या स्कूल प्रबंधन समिति सहित बड़ी संख्या में अभिभावकों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को ऊना मुख्यालय पहुंचा। यहां पर प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा उपनिदेशक और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर इस निर्णय को वापस लेने की मांग उठाई। एसएमसी सहित अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि सरकार और शिक्षा विभाग ने अगर यह निर्णय वापस न लिया तो अपनी बेटियों को आगे नहीं पढ़ाएंगे और इस निर्णय के विरोध में सड़कों पर उतर प्रदर्शन करेंगे।एसएमसी प्रधान देवी लाल सहित अभिभावकों ने कहा कि गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल और वीरेंद्र गौतम मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संतोषगढ़ को मर्ज न किया जाए। सरकार और शिक्षा विभाग का यह निर्णय कन्या और महिला विरोधी है। इसलिए सरकार और शिक्षा विभाग इसे वापस ले। कन्या स्कूल में लगभग 350 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं, जिनमें से लगभग 140 छात्राएं बाहरी 20 गांवों से शिक्षा ग्रहण करने आती हैं। वे अपने गांव के को-एजुकेशन स्कूल को छोड़कर कन्या स्कूल में आती हैं। इसके अलावा पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से भी छात्राएं इस विद्यालय में इसलिए पढ़ने आती हैं क्योंकि यह स्कूल बेहतरीन सुविधाओं से लैस हैं। लड़कियों के लिए एक सुरक्षित माहौल है। यह विद्यालय लगभग 50 वर्षों से भी अधिक पुराना है और इसे गांव के दानी सज्जनों ने सिर्फ कन्या विद्यालय के रूप में बनाने के लिए भूमि दान में दी थी।