ग्राम पंचायत डीहर के पांच वर्षीय कार्यकाल की समाप्ति पर सम्मान समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। ग्राम पंचायत डीहर के पांच वर्षीय कार्यकाल की समाप्ति पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों, जनसेवा तथा पंचायत को नई दिशा देने में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीहर पंचायत के युवा समाजसेवी विजय शर्मा के नेतृत्व में पंचायत भवन स्थित सार्वजनिक स्थल पर किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा वर्ग तथा पंचायत के पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विजय शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों के पांच वर्षों के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर किए गए छोटे-छोटे विकास कार्य ही गांव के समग्र विकास की मजबूत नींव रखते हैं। बीते पांच वर्षों में डीहर पंचायत ने बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा एवं विभिन्न सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य किया है। सम्मान समारोह के दौरान प्रधान कृष्णा देवी, उपप्रधान रघुवीर सिंह, पंचायत सचिव संजीव कुमार, पंचायत सदस्य चरंजी लाल, सुरेश कुमार, संदला देवी, सुनीता देवी, प्रेमचंद, सिलाई अध्यापिका सुषमा देवी, चौकीदार सत्येंद्र नाथ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को शॉल, उपहार एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।