गोंदपुर जयचंद में पंचायत सामुदायिक केंद्र का उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शिलान्यास के दौरा
उपमुख्यमंत्री ने पंचायत सामुदायिक केंद्र का किया शिलान्यास
तालाब के सौंदर्यीकरण और मोक्षधाम के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को गोंदपुर जयचंद ग्राम पंचायत में लगभग 1.14 करोड़ की लागत से बनने वाले पंचायत सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण के तहत 35 लाख की प्रथम किस्त प्राप्त हो चुकी है। यह भवन गांव के लोगों के लिए पंचायत स्तरीय बैठकों, प्रशासनिक गतिविधियों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थानों को सशक्त बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास, स्थानीय अर्थव्यवस्था के सशक्तीकरण और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ठोस कदम उठा रही है। पंचायतों में आधारभूत संरचना की मजबूती की दिशा में काम किया जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत में स्थित प्राचीन तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस कार्य पर एक करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के साथ ही पर्यटन की दृष्टि से उनके पुनरुद्धार के कार्य प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने 75 लाख से किए जा रहे मोक्षधाम विस्तार कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार स्थलों की आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण मानवीय गरिमा से जुड़ा विषय है, जिस पर सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। -