अंब में आंखों के सिर्फ माइनर ऑपरेशन, मोतियाबिंद और अन्य ऑपरेशन के लिए ऊना का करना पड़ता है रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में आंखों की प्रारंभिक जांच और माइनर ऑपरेशन की सुविधा ही मरीजों को मिल रही है। अस्पताल में अभी तक विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो पाई है। ऐसे में आंखों से संबंधित मोतियाबिंद के ऑपरेशन और अन्य ऑपरेशन करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना और निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर प्रक्रिया आचार संहिता से पहले शुरू की गई थी, लेकिन वर्तमान में आचार संहिता लगने के कारण प्रक्रिया लंबित पड़ी है।
नागरिक अस्पताल अंब में लोगों को आंखों से संबंधित उपचार विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो पाई है। अस्पताल में नेत्र रोग तकनीशियन को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तैनात कर दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से करीब 45 पंचायतों के लोगों को आंखों से संबंधित जांच और उपचार का लाभ तो मिल रहा है, लेकिन मोतियाबिंद व आंखों के अन्य ऑपरेशन बिना विशेषज्ञ के संभव नहीं है। वर्तमान में आंखों से संबंधित ऑपरेशन करवाने के लिए लोग निजी और क्षेत्रीय अस्पताल का रुख कर रहे हैं।
सुविधा मिलने से घटेगा मरीजों का बोझ
वर्तमान में जिलेभर के लोग आंखों से जुड़े ऑपरेशन के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचते हैं। इनमें ज्यादा संख्या बुजुर्गों की होती है, जिनमें अधिकतर के मोतियाबिंद के ऑपरेशन होने होते हैं। ऐेसे में अगर अंब अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा मिलना शुरू हो जाए तो चिंतपूर्णी विस और गगरेट विधानसभा क्षेत्र के कई गांव भी इस सुविधा से लाभान्वित होंगे।
नागरिक अस्पताल अंब में आंखों से संबंधित प्रारंभिक जांच और उपचार की सुविधा शुरू कर दी गई है। नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. राहुल कतना, प्रभारी, नागरिक अस्पताल, अंब