संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। हरि ओम शिव मंदिर अंबोआ में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का समापन मंगलवार को पूजा-अर्चना और पूर्णाहुति के साथ हुआ। कथावाचक गणेश दत्त शास्त्री ने अंतिम दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव पापों का नाश करने वाले, सरल स्वभाव और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। उन्होंने बताया कि सूर्य, चंद्रमा, जल, पृथ्वी और वायु भी शिव के सगुण स्वरूप हैं। शास्त्री ने शुद्ध वातावरण और धार्मिक आचरण को देवताओं की कृपा प्राप्ति के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि शिव की भक्ति से मनुष्य सांसारिक बंधनों से मुक्त होकर सुख व समृद्धि प्राप्त कर सकता है। कथा के दौरान शिव भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे। अंतिम दिन भारी वर्षा के बावजूद सैंकड़ों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रणजोध सिंह, अन्य सदस्य तथा कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।