ऊना। रेलवे स्टेशन ऊना पर अब यात्री टिकट खरीद करने के बाद राशि का भुगतान ऑनलाइन सुविधा से भी कर पाएंगे। डिजिटल दौर को बढ़ावा देते हुए रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर क्यूआर कोड स्कैनर सुविधा को स्थापित कर दिया है।
यात्री साधारण टिकट लेने की अदायगी अपने गूगल-पे, फोन-पे जैसे डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से यहां कर पाएंगे। इससे यात्रियों को साथ में नकद राशि लेकर जाने से छुटकारा भी मिलेगा। चंद क्षण में राशि सीधे रेलवे के खाते में भी चली जाएगी। इस सुविधा के बाद यहां यात्रियों को लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर पेमेंट आदि होने में पारदर्शिता भी आएगी। इससे पहले इस सुविधा को लेकर बुद्धिजीवी मांग भी उठाते रहे हैं, जिसे रेलवे ने हाल ही में पूरा भी किया है। हिमाचल प्रदेश में ऊना एकमात्र ब्राडगेज रेललाइन सुविधा का जिला है। ऊना रेलवे स्टेशन भी सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन में से एक है। प्रतिदिन सैकड़ों यात्री यहां से अपनी यात्रा आरंभ करते हैं। ऐसे में यहां ऊना रेलवे स्टेशन पर टिकटों के लिए यात्रियों को कई बार टिकट लेने पर नकद राशि की जरूरत रहती है और कई के पास कैश होता भी नहीं। ऐसे में यात्री यहां गूगल-पे, फोन-पे जैसे डिजिटल कैश के माध्यम से पेमेंट करनी की बात काउंटर पर बैठे अधिकारी से कहते। लेकिन वह ऐसी सुविधा से स्पष्ट मना कर देते, जबकि अब इस समस्या का निवारण कर दिया गया है। अब जेब में कैश न होने पर भी यात्री डिजिटल भुगतान कर टिकट ले पाएंगे, तो समय पर ज्यादा से ज्यादा टिकटों की बिक्री हो सकेगी। रेलवे बोर्ड ऊना के अधिकारियों की मानें तो इस सुविधा को हाल ही में यात्रियों के लिए शुरू किया गया है। इसका लाभ डिजिटल माध्यम से पेमेंट करने में उन्हें मिल पाएगा।
रखी गई थी मांग
ऊना के युवा बुद्धिजीवी अरुण कौशल ने इस सुविधा के लिए रेलवे बोर्ड अम्बाला मंडल के अधिकारियों का आभार जताया है। अरुण कौशल ने कहा कि ऊना हिमाचल रेलवे स्टेशन पर साधारण टिकटों के लिए लगी डिजिटल भुगतान सुविधा के लिए कुछ दिनों पहले लिखित में मांग रखी थी, जिसे समय रहते पूरा किया गया है।