ऊना। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता और कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय समन्वयक विजय डोगरा ने कहा कि 15 अगस्त के बाद कांग्रेस सेवादल प्रदेश के प्रत्येक जिले में पांच पंचायत में एक गांव एक रात अभियान का आगाज करेगी। इसके चलते हर जिले की पांच पंचायत में बूथ स्तर से कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने का काम किया जाएगा और इस अभियान का आगाज ऊना जिले की पंचायत से 15 अगस्त के बाद किया जाएगा।
लोनिवि विश्राम ऊना में प्रेसवार्ता को संबोधित करते ह़ुए कहा कि हिमाचल में भाजपा का ऑपरेशन लोटस पूरी तरह से विफल रहा है और जो प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया है, उस पर भी पूरी तरह से विराम लग गया है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान में देश में भाजपा के खिलाफ लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि सात राज्यों की 13 विधानसभा क्षेत्र में 10 पर इंडिया की जीत दर्ज हुई है और जो देश की जनता ने जनादेश दिया है, उसको देखकर भाजपा की जमीन खिसक गई है। देश के प्रधानमंत्री महंगाई बेरोजगारी पर मुंह खोलने के लिए तैयार नहीं है, जबकि विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश की जनता की मांगों की लड़ाई हर मुद्दे पर लड़ रहे हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस के 40 विधायक थे और अब उपचुनाव के बाद भी विधायकों की संख्या 40 हुई है। कहा कि भाजपा बौखलाहट में है और विपक्ष के नेता आए दिन बेतुकी बयानबाजी करके प्रदेश की जनता को बहलाने का विफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने ही 125 यूनिट फ्री देना शुरू किया था और कांग्रेस ने 300 यूनिट देने का फैसला लिया था और हाल ही में इसके बारे में प्रदेश सरकार ने जो नीति बनाकर फैसला किया है, उसका स्वागत किया जाता है। इससे प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ होगी और जो धनवान लोग हैं, उनकी सब्सिडी बंद होगी। इसे प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ होने से विकास कार्य को और मजबूती मिलेगी।