नंगल-श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर सडक़ हादसे के दौरान पलटा ट्रक
नंगल। नंगल श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर रायपुर के निकट वीरवार को फिर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नंगल के गांव मेघपुर निवासी विभिषण के तौर पर हुई है, जो दिहाड़ी लगाकर घर का गुजारा करता था।
मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में साइकिल पर जा रहे विभिषण का शरीर दो से तीन दुकड़ों में बंट गया। यह हादसा देर रात 11 बजे हुआ बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बजरी से भरा यह टिपर पलटा तो उसके पलटने की जोरदार आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकलने और टिपर में फंसे लोगों को बाहर निकालने लगे, लेकिन इन लोगों को यह पता नहीं चला कि साइकिल चालक की मौत इसी टिपर की चपेट में आने से हुई है अथवा किसी और वाहन की चपेट में आने से। वहीं, परिवारिक सदस्य और गांव मेघपुर की महिला सरपंच के पति बलविंद्र कुमार ने कहा कि विभिषण देर रात साइकिल पर जा रहा था कि बजरी से भरे एक टिपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और उसके उपरांत टिपर पलट गया। बलविंद्र ने कहा कि टिपर के टायरों और प्रेशर टैंक पर लगा खून खुद इसकी गवाही दे रहा है कि विभिषण की मौत इसी टिपर की चपेट में आने से हुई है।
उधर, मौके पर मौजूद टिपर मालिक के भतीजे संजीव कुमार ने कहा कि विभिषण कुमार पहले ही सड़क में गिरा हुआ था और उसे बचाते-बचाते हमारा टिपर पलट गया। उन्होंने मृतक परिवार की और से लगाए जा रहे उन आरोपों को सिरे से खारिज किया कि टिपर की चपेट में आने से विभिषण की मौत हुई हो। उधर, इस मामले की जांच के लिए मौके पर पंहुचे एएसआई मेहर सिंह ने कहा कि फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर टिपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।