तेज रफ्तार से पेश आया हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। पुलिस थाना अंब के तहत घुंघराला में वीरवार सुबह स्कूटी और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। आरोप है कि स्कूटी सवार केशव ठाकुर निवासी बसूणी, तहसील अंब, जिला ऊना तेज रफ्तार में था और सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिकायतकर्ता मनोज कुमार निवासी दिलवां, तहसील अंब ने बताया कि वीरवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने व्यापारिक कार्य से बाइक पर बसूणी की ओर जा रहा था। उसके आगे भी एक बाइक सवार चल रहा था। घुंघराला में उतराई पर बावड़ी के पास पुल से कुछ आगे बढ़ते ही सामने से एक सफेद रंग की स्कूटी तेज रफ्तार और लापरवाही से आई तथा उसके आगे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक चालक उछलकर सड़क किनारे पक्की नाली में जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। स्कूटी चालक और उसके पीछे बैठा युवक भी घायल हो गए। मृतक बाइक चालक की पहचान मदन लाल निवासी बड़ोह, तहसील अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है। वहीं, स्कूटी चालक की पहचान केशव ठाकुर निवासी बसूणी और पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान विशाल ठाकुर के रूप में की गई है। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अंब अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बाइक चालक मदन लाल को मृत घोषित कर दिया। एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।