घनारी(ऊना)। पुलिस थाना अंब के अंतर्गत हरबाल गांव में बीती रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाकर डेढ़ लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया। दुकान मालिक ने घटना को लेकर पुलिस थाना अंब में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दी शिकायत में दुकान मालिक पूर्ण चंद ने बताया कि वह रोजाना की तरह शुक्रवार रात को दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के सभी ताले टूटे हुए पाए गए। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखी लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी और कुछ सामान गायब था। सूचना मिलने पर अंब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं घटना ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है।