संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टक्का में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का रविवार को विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह में बीडीसी उपाध्यक्ष सुमित शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। ग्राम पंचायत टक्का के उपप्रधान दिनेश शारदा, पूर्व एसएमसी प्रधान जतिंद्र कुमार, समाजसेवी अंकुश भारद्वाज और अश्विनी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। स्वयंसेवियों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा स्कूल प्रबंधन ने प्रधानाचार्य वरिंद्र कपिल के नेतृत्व में उनका सम्मान किया।मुख्य अतिथि सुमित शर्मा ने कहा कि एनएसएस केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सीख है। इस तरह के शिविर युवाओं को समाजसेवा की वास्तविक भावना से जोड़ते हैं और उन्हें देश के जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियों का आह्वान किया कि शिविर में सीखी गई बातों को वे अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएं। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी में अपार ऊर्जा और क्षमता है, जिसे सही दिशा देने की आवश्यकता है। एनएसएस जैसे कार्यक्रम युवाओं को नेतृत्व, टीमवर्क, अनुशासन और सामुदायिक भागीदारी का वास्तविक अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशा उन्मूलन और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। समापन अवसर पर एनएसएस प्रभारी प्रवीण कुमार और राज कुमारी ने शिविर के सात दिनों के दौरान आयोजित गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शिविर में स्वच्छता अभियान, ट्रैफिक जागरूकता, स्वास्थ्य गोष्ठी, योगाभ्यास सहित अनेक उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानाचार्य वरिंद्र कपिल ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, प्रशिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य वरिंद्र कपिल, पी.आर. भाटिया, यशपाल सिंह, बलजिंद्र सिंह, रमन कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।