सुबह दर्शनों के लिए लंबी लाइनें नहीं आईं नजर, मात्र 10 से 20 मिनट ही हो रहे थे दर्शन
दोपहर होते श्रद्धालुओं की संख्या में हुई बढोतरी, दो घंटे तक का समय लाइनों में खड़े होकर पहुंचे मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को 9 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। दर्शनों के लिए लगने वाली लंबी लाइनें देखने को नहीं मिलीं। मात्र कुछ समय के लिए ही लाइनें पुराने बस स्टैंड तक पहुंचीं। दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं सुनील कुमार, रमन, अमित, सन्नी इत्यादि ने बताया कि सुबह के समय मंदिर खाली था। श्रद्धालुओं को मात्र 10 से 20 मिनट ही दर्शनों के लिए लग रहे थे। दोपहर को श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई और श्रद्धालुओं को 2 घंटे तक का समय लाइनों में खड़े होकर मंदिर तक पहुंचने में लग रहा था। माता रानी के भक्त बड़ी श्रद्धा भाव से मंदिर पहुंचकर नतमस्तक हो रहे थे। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि रविवार को 9 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से तमाम तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। पानी, विश्राम स्थल से लेकर लंगर की भी व्यवस्था पर्याप्त है। आगे भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं में और इजाफा किया जाएगा। पड़ोसी राज्यों के मंदिर की तर्ज पर यहां पर भी सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। होमगार्ड जवानों के प्लाटून कमांडर जागीर लाल ने बताया कि रविवार को 9 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया, ज्यादा भीड़ नहीं थी। श्रद्धालुओं की लाइन पुराने बस स्टैंड पर पहुंच गई थी। सुरक्षा कर्मियों ने व्यवस्था बनाए रखी ।