चैत्र नवरात्र को भीड़ उमड़ने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले के लिए प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल हो गई हैं। शनिवार के दिन नौ हजार श्रद्धालुओं ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में हाजिरी लगाई और आशीर्वाद लिया। रविवार को काफी भीड़ रहने की उम्मीद है। चैत्र नवरात्र मेले में ज्यादातर श्रद्धालु व्रत भी रखते हैं और माता रानी की पूजा-अर्चना के लिए बेहतरीन समय मानते हैं। पंडित राम कुमार कौल, संदीप कालिया, राजेश कालिया, खेम चंद शास्त्री ने बताया कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान माता रानी की पूजा-अर्चना के लिए बहुत ही फलदायी समय होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत (उपवास) भी करते हैं। मेले के दृष्टिगत अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को अधिकारियों की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। चार सेक्टरों में बांटे मेले के लिए अधिकारी मुस्तैदी से व्यवस्था प्रबंधन के काम में जुट हुए हैं। सुरक्षा कर्मियों के अलावा छह दर्जन सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखेंगे। मेले के दौरान सुगम दर्शन प्रणाली से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को 500 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से चुकाने होंगे। मंदिर अधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान अच्छे प्रबंधन के लिए प्रशासन जुटा हुआ है। मेला अधिकारी एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने बताया कि रविवार से चैत्र नवरात्र मेले के दृष्टिगत प्रशासन ने तैयारियां की हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह से कोई परेशानी न हो।