पद रिक्त होने से राजस्व कार्य हो रहे प्रभावित
दस्तावेज बनाने के लिए दूसरे पटवार सर्किल के लगाने पड़ रहे चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा में पटवारियों और कानूनगो के खाली पदों के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा समय में यहां 38 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से नौ पटवारी और चार कानूनगो के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। खाली पड़े पटवार सर्किल में चराडा, डीहर, वोहाना, अरलू, सरोह, मंडली, बुड़वार और वोहरू शामिल हैं। वहीं, कानूनगो सर्कल में बंगाणा तहसील, लठियाणी, जसाना और बंगाणा मुख्यालय में पद रिक्त होने से राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय निवासी जगदीश राम, रमन कुमार, मुकेश कुमार, बालकृष्ण डोगरा, यशपाल, जयवीर, विनोद कुमार, रमन, रमेश कुमार का कहना है कि भूमि संबंधी कार्यों में हो रही देरी से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार पटवारी और कानूनगो के अभाव में जमीन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों को तैयार करवाने के लिए लोगों को दूसरे इलाकों के पटवार सर्किल में चक्कर लगाने पड़ते हैं। प्रशासन की ओर से कई बार इन रिक्तियों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रवासियों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द इन खाली पदों को भरने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। तहसीलदार अमित शर्मा का कहना है कि सरकार को इस संबंध में सूचना दे दी गई है।