ऊना शहर में शनिवार शाम को लगे जाम फंसे वाहन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय में शनिवार शाम ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान दो एंबुलेंस भी फंसीं। रविवार के अवकाश के कारण लोग ऊना होते हुए अपने घरों की ओर रवाना हो रहे थे, जिससे चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर में ट्रैफिक जाम अब आम समस्या बन गई है, और प्रशासन अभी तक इसका समाधान नहीं ढूंढ सका है। मुख्य कारणों में एक ओर समस्या है शहर में स्थित क्रॉसिंग, जैसे रेड लाइट चौक, ऊना बस स्टैंड, रोटरी चौक, और मिनी सचिवालय, जहां वाहनों की आवाजाही से एनएच की एक लेन अवरुद्ध हो जाती है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव के अनुसार, पुलिस अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर ट्रैफिक को सुचारु करने की कोशिश कर रहे हैं, और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई जारी है।