दौलतपुर चौक (ऊना)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक की एनसीसी इकाई ने शुक्रवार को साइकिल रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। 6 एचपी (आई) एनसीसी कंपनी ऊना के दिशा-निर्देशों पर आयोजित रैली में करीब 80 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर साइकिलों पर निकले कैडेट्स ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और हर घर तिरंगा के नारे लगाए। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर एसबीआई चौक पहुंची और वापस महाविद्यालय में संपन्न हुई। इस दौरान कैडेट्स ने लोगों को तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता का संदेश दिया।