संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल पुलिस ने शनिवार को 450 ग्राम चिट्टा और 5500 रुपये ड्रग मनी के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसकी पुष्टि डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान की। कुलवीर सिंह ने कहा कि नया नंगल पुलिस चौकी मेंं तैनात एएसआई तेजिंद्र सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान गांव नानग्रां से स्वां नदी की तरफ जाने वाले मार्ग पर श्मशानघाट के निकट एक बिना नंबर कार आते दिखाई दी लेकिन पुलिस की टीम को आते देख चालक ने कार पीछे की तरफ दौड़ा दी। रास्ता तंग होने के कारण अधिक दूर तक नहीं ले जा पाया। मौके पर पहुचं पुलिस ने जब कार की जांच की तो डैश बोर्ड से पुलिस को एक लिफाफे में रखा 450 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। कार में सवार दोनों व्यक्तियों प्रिंस राणा निवासी गांव भलाण व साहिब सिंह निवासी गांव बीनेवाल जिला होशियारपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह ने कहा कि गिरफ्तार दोनों युवकों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से जांच की जाएगी। थाना प्रभारी नंगल इंस्पेक्टर रोहित शर्मा व नयां नंगल पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सरताज सिंह इत्यादि भी उपस्थित रहे।