नैहरियां (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत राजपुर जसवां के प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कथावाचक सुमित शास्त्री ने भगवान की बाल लीलाओं के प्रसंगों का वर्णन किया। इससे पहले कथा की शुरुआत कथावाचक सुमित शास्त्री ने श्रद्धालुओं के साथ भागवत पूजन के साथ की। कथावाचक सुमित शास्त्री ने कहा कि हर मनुष्य को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करना चाहिए। जब अत्याचारी कंस के पापों का बोझ बढ़ गया, तब भगवान श्रीकृष्ण को अवतरित होना पड़ा। कहा कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान अवतरित होते हैं। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। कथावाचक ने श्रीकृष्ण जन्म उत्सव पर नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जगदीश राम, संजय कुमार, अजय कुमार, पुष्पा देवी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद