बंगाणा (ऊना)। पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास खंड बंगाणा की सभी 49 ग्राम पंचायतों में मेरा पौधा–मेरी जिम्मेदारी अभियान शुरू किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी बंगाणा केएल वर्मा ने बताया कि पंचायत सचिवों को निर्देश जारी किए हैं कि नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए प्रत्येक पंचायत में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रम के तहत पंचायत प्रधान और वार्ड सदस्यों को पंचायत कार्यालय में विधिवत शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद प्रत्येक निर्वाचित प्रतिनिधि पंचायत परिसर अथवा सार्वजनिक स्थान पर एक फलदार या औषधीय पौधा लगाएंगे। अभियान की विशेषता यह रहेगी कि प्रत्येक पौधे के साथ संबंधित जनप्रतिनिधि के नाम की पट्टिका लगाई जाएगी तथा पौधे के पूर्ण विकसित होने तक उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उसी प्रतिनिधि की होगी। ग्राम पंचायत सचिव पौधों का अभिलेख संधारित करेंगे तथा जहां संभव होगा वहां पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा पंचायत सचिव और प्रधान समय-समय पर पौधों की निगरानी करेंगे तथा उनकी जीवितता (सर्वाइवल रेट) का रिकॉर्ड रखेंगे। सर्वाधिक स्वस्थ एवं सुरक्षित पौधों का संरक्षण करने वाले जनप्रतिनिधियों को विकास खंड अथवा जिला स्तर पर प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में हरित वातावरण का निर्माण करना तथा जनप्रतिनिधियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना है।