ऊना पुलिस की टीमें उपमंडल नंगल में शव की तलाश में जुटी रहीं
गोताखोर टीम का कैमरे के साथ सर्च अभियान जारी, नहीं मिला शव
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की, मालिक जांच के दायरे में
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना/नंगल। हिमाचल के जिला ऊना के तहत पड़ते गांव अरिनयाला निवासी 26 वर्षीय हरदीप की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर युवक के खून ले लथपथ कपड़े बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को लेकर हिमाचल पुलिस की टीमें रविवार को गांव ब्रह्मपुर, गंगुवाल और गांव अजौली पहुंचकर इस मामले की जांच में जुटी रहीं। एक टीम नंगल के गांव अजौली में इंस्पेक्टर गौरव यादव के नेतृत्व में गिरफ्तार आरोपी को लेकर पहुंची। यहां इन आरोपियों ने हरदीप सिंह को मारकर कपड़े एक ढाबे के साथ ही लगते खेत में फेंक दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर हरदीप के खून से लथपथ कपड़े और बेल्ट खेत से बरामद कर लिए। उधर, मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ऊना सदर इंस्पेक्टर गौरव भारद्वाज से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों ने ही उन्हें बताया था कि हरदीप के कपड़े खेत में फेंके गए थे। रविवार को हरदीप की शर्ट, टी शर्ट, जैकेट और बेल्ट बरामद कर ली है। उन्होंने कहा कि इस मामले के सभी सक्ष्य एकत्रित कर अदालत में पेश कर आरोपियों को उनके सही ठिकाने पर पहुंचाया जाएगा। उधर, गंगुवाल के निकट पुलिस की एक टीम मौजूद है और गोताखोर कमलप्रीत सैनी की टीम गो प्रो कैमरे के साथ सर्च अभियान चला रही है। अभी तक सफलता नही मिली। इस मौके पर पहुंचे ऊना भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। कहा कि युवा नशे की दलदल में फंसकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई कार को भी बरामद कर लिया है। इसमें कुछ तेजधार हथियार भी थे। जिस व्यक्ति से कार किराये पर ली गई थी, पुलिस कार मालिक को भी जांच में शामिल कर रही है। उन्होंने इस मामले के आरोपियों को फांसी की सजा की भी मांग की है। जानकारी के अनुसार यह मामला त्रिकोणीय प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ है। हरदीप को लड़की ने 23 फरवरी को फोन कर बुलाया था और उसके बाद आल्टो कार में बैठे दो लोगों ने न केवल उसे जमकर पीटा बल्कि तेजधार हथियारों से हमला कर बुरी तरह घायल किया और इसी दौरान गाड़ी में ही विभिन्न स्थानों पर घुमाने के बाद बेल्ट से गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को नंगल नहर में फेंक दिया, जबकि कपड़े नंगल-श्रीआंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग अजौली मोड़ के एक खेत में फेंक दिए थे।