बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जोगी पंगा के सनहाल गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। संबंधित विभाग की ओर से हैंडपंप में मोटर स्थापित कर पेयजल आपूर्ति को सुचारु किया गया है। इससे गांव के करीब 20 परिवारों को पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध हुई है। ग्रामीणों में रवि दत्त, राजेश, अभिषेक, मनु, आरती देवी, शारदा देवी सहित अन्य ने बताया कि हैंडपंप में मोटर की सुविधा न होने के कारण उन्हें पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर गर्मियों के दिनों में समस्या अधिक बढ़ जाती थी। ग्रामीणों ने अपनी समस्या विधायक विवेक शर्मा के समक्ष रखी। ग्रामीणों की मांग पर कार्रवाई करते हुए हैंडपंप में मोटर स्थापित की गई। उन्होंने कहा कि मोटर लगने के बाद अब हैंडपंप से पानी निकालना आसान हो गया है और प्रभावित परिवारों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इस मौके पर उन्होंने विधायक विवेक शर्मा का आभार जताया।