बंगाणा (ऊना)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में वीरवार को राज्यस्तरीय एनएसएस शिविर आयोजित किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के शिक्षा निदेशक (उच्च) डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया। इस कार्यक्रम ने युवाओं में सामाजिक दायित्व और सेवा भावना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण प्रयास किया। डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एनएसएस का उद्देश्य छात्रों को सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। इससे वह न केवल अपनी शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकें, बल्कि समाज की सेवा भी कर सकें। इस अवसर पर शिक्षा उपनिदेशक सोमनाथ धीमान, पूर्व प्रधानाचार्य योगराज भारद्वाज, प्रधानाचार्य संजीव पराशर, लोकेश, मुकेश कुमार, ललिता, दिलेराम, रायसिंह रावत, बृज भूषण कैथला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।