कुछ अधिकारी दिखे नदारद, विधायक बोले- बंगाणा में ढुलमुल रवैया नहीं चलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मंगलवार की। बैठक में जब विधायक विवेक शर्मा एसडीएम के साथ बैठक हाल में पहुंचे, तो उपमंडल बंगाणा के कुछ विभागों के अधिकारी नदारद दिखे।
विधायक विवेक शर्मा ने एक-एक विभाग के कार्यों की समीक्षा करने के आदेश दिए, तो कुछ अधिकारी जो बैठक में आए थे, वे बिना तैयारी के नजर आए। कई विभागों के अधिकारी ही बैठक से नदारद रहे। इस पर विधायक विवेक शर्मा आग बबूला हो गए। उन्होंने बिना तैयारी से आए अधिकारियों की खूब क्लास लगाई।
विधायक ने उपमंडल बंगाणा के सभी अधिकारियों को कड़े आदेश दिए कि जब भी विकास कार्यों की समीक्षा बैठक तय हो, तो सभी अधिकारी पूरा होमवर्क करके बैठक में आएं। विवेक शर्मा ने कहा कि इससे पूर्व क्या होता रहा, मुझे नहीं जानना है। लेकिन अब उपमंडल बंगाणा की समीक्षा बैठक में सभी अधिकारी बैठक में पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहें। जब अधिकारी ही अपने कार्यों के प्रति पूरी जवाबदेही नहीं दे पाएंगे, तो जनता के कार्य कैसे होंगे। विवेक शर्मा ने कहा कि हमने पहली बैठक में अधिकारियों को आदेश दिए थे कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति दूसरी बार सरकारी कार्यालय में कार्य करवाने नहीं आएगा। अगर किसी प्रकार की कोई समस्या है तो अधिकारी मुझसे संपर्क करें। विधायक के संबोधन में बिना होमवर्क पहुंचे अधिकारियों के चेहरे पर काफी शर्मिंदगी देखी गई।
बॉक्स
नदारद अधिकारियों को नोटिस देने के आदेश
विधायक विवेक शर्मा ने उपमंडल अधिकारी नागरिक बंगाणा सोनू गोयल को आदेश दिए कि जो अधिकारी इस समीक्षा बैठक से नदारद हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। वहीं, सात दिनों के भीतर उनसे जवाब मांगा जाए। विवेक शर्मा ने कहा कि जिन अधिकारियों का मन बंगाणा में नहीं लग रहा या अधिकारी जनता के कार्य को करने में असमर्थ हैं। वह बता दें। क्योंकि बंगाणा में रहना है, तो जनता का काम करना पड़ेगा।