बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को गांव थानाखास गोशाला के समीप सुपर हाईवे पर बन रही नालियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरसात के मौसम में जल निकासी की समस्या को ध्यान में रखते हुए इन नालियों का निर्माण आवश्यक है। सड़क की सुरक्षा और स्थायित्व के लिए नालियों का निर्माण मजबूत होना चाहिए। यह भी निर्देश दिए कि कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। इसके बाद विधायक ने अपने पैतृक गांव में महिला प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक की और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़ी बातों पर चर्चा की। महिलाओं ने पेयजल, सड़क रखरखाव, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा संबंधी मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द समस्याओं का समाधान किया जाएगा। -संवाद