गगरेट क्षेत्र के विधायक चैतन्य शर्मा ने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन में सरकार क्या कदम उठा रही है। इसके जवाब में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जवाब दिया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के प्रति वचनबद्ध है। इसके लिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं स्किल शिक्षा दी जा रही है। रोजगार कार्यालय से निरन्तर बेरोजगार युवाओं और उद्योगों का सम्पर्क करवाया जा रहा है। विधायक चैतन्य शर्मा ने प्रदेश सरकार से पूछा कि प्रदेश में रिसर्च पर कितना पैसा दिया जा रहा है। इसके जवाब में बताया गया कि 8 लाख 55 हजार रुपये रिसर्च के लिए जारी किए गए हैं। अपने तीसरे सवाल में उन्होंने पूछा कि हेल्थ केयर इंफ्रास्ट्रक्चर पर कितना खर्च प्रदेश सरकार कर रही है। इसके जबाब में बताया गया कि 2023-24 में 7829.23 लाख रुपये सरकार हेल्थ केयर इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करने जा रही है। विधायक चैतन्य शर्मा ने बताया कि इसके अतिरिक्त उन्होंने गगरेट अस्पताल के हो रहे निर्माण कार्य के बजट पर एवं सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर के सुधारों पर उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी ली। संवाद