संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। विधानसभा क्षेत्र गगरेट में एशियन डेवलपमेंट बैंक के माध्यम से पांच पेयजल योजनाओं की स्थापना पर 40.32 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। जबकि, 82.75 करोड़ की लागत से सात पेयजल योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। यही नहीं लोहारली व मुबारिकपुर में 33 केवी के दो विद्युत सब स्टेशन भी वर्ष 2026 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इससे लो वोल्टेज की समस्या का भी निराकरण होगा। यह जानकारी प्रदेश सरकार की ओर से विधायक राकेश कालिया की ओर से विधानसभा में पूछे गए प्रश्नों के तहत मुहैया करवाई है। विधायक राकेश कालिया गगरेट क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी कार्यों को लगातार विधानसभा में उठा रहे हैं। विधायक ने नगर पंचायतों में कर्मियों की कमी का मुद्दा भी विधानसभा में उठाया है। प्रदेश में हेली टैक्सी का मुद्दा भी विधानसभा में उठाया। राकेश कालिया ने नंगल-मुबारिकपुर-तलवाड़ा सड़क मार्ग का मुद्दा भी विधानसभा में उठाते हुए इसे भी फोरलेन सड़क मार्ग बनाने की पैरवी की। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इस सड़क मार्ग की चौड़ाई के हिसाब से छोटे पुलों को बदला जाएगा। इसके जवाब में सरकार ने कहा है कि करीब दस पुलों की डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजी गई है।