नंगल (ऊना)। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए 35 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 511 मीटर लंबे पुल का बीते दिन शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह की लहर देखी गई। हालांकि, वीरवार देर रात किसी शरारती तत्व ने शिलान्यास स्थल पर लगी पट्टिका तोड़ दी, जिससे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटना की खबर ग्रामीण इलाकों में तेजी से फैल गई और लोग मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों ने इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि जिसने भी यह किया है, उसे पकड़ कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। मौके पर जुटे लोगों में भारी रोष था और उन्होंने पुलिस से शीघ्र कदम उठाने की मांग की। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपियों को जल्द ही हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।