संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत समनाल में 17 साल की प्रवासी लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। नाबालिग के पिता ने एक युवक पर बेटी को कैद करने का शक जताया। हरोली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में वीरेंद्र सिंह निवासी जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश हाल रिहायश गांव समनाल तहसील हरोली जिला ऊना ने बताया कि वह अपने परिवार सहित पिछले करीब 28 साल से समनाल गांव में ही रह रहा है। सोमवार को वह अपनी पत्नी सहित काम पर गया था। शाम को जब घर पहुंचा तो पाया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी घर पर नहीं थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर हर जगह बेटी की तलाश की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं लग पाया। वीरेंद्र सिंह ने शक जताया कि एक युवक निवासी गांव मिथनपुर राज्य उत्तर प्रदेश हाल रिहायश गांव समनाल ने बेटी को कैद कर रखा है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।