भोजन बनाने की विधि, सामग्री खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियां बताईं
संवाद न्यूज एजेंसी
चकसराय (ऊना) । शिक्षा विभाग ब्लॉक जोल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकी मन्यार में रविवार को मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण शिमला से सीधा संवाद के माध्यम से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। प्रशिक्षण के प्रवक्ता यथार्थ चौहान, सहायक प्रवक्ता प्रदीप शर्मा और कोर्स समन्वयक चेतन ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान लगभग 69 मिड-डे मील कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण में भोजन बनाने की विधि, सामग्री खरीद में सावधानियां, कचरा निपटान, खाद निर्माण, आग सुरक्षा और अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता, संतुलित आहार, पोषक तत्वों की भूमिका व उनकी कमी के लक्षण, जैविक भोजन के महत्व और मसालों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण की देखरेख मिड-डे मील इंचार्ज दिनेश कुमार, वरिंदर सिंह, भगवान चौधरी, पीटीआई संजीव कुमार और अश्वनी कुमार ने की। प्रधानाचार्य मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि सरकार के इन कार्यक्रमों से न केवल बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दिया जा रहा है, बल्कि उनकी सेहत और पोषण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।