अंब(ऊना)। सूरी स्कूल एसएमसी कमेटी अध्यक्ष ने स्कूल के मिड-डे मील इंचार्ज पर राशन में हेरा-फेरी कर बेचने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसएमसी प्रधान की तरफ से अंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है। जानकारी के अनुसार स्कूल की एसएमसी प्रधान मोनिका चोपड़ा ने विद्यालय के मिड-डे मील इंचार्ज के खिलाफ आरोप लगाया है कि इंचार्ज की तरफ से सूरी सोसायटी से चार क्विंटल चावल की मांग की गई थी। मांग के अनुसार सोसायटी सूरी ने स्कूल के मिड-डे मील के इंचार्ज को चार क्विंटल चावल, जो कि आठ 8 बोरी में थे, वह एक ट्राला के माध्यम से स्कूल को भेजे। लेकिन इंचार्ज ने सिर्फ दो बोरी (1 क्विंटल) चावल स्कूल में उतारे और शेष 6 बोरी चावल मिलीभगत करके हेराफेरी से उपरोक्त ट्राला वाले को बेच दिए। इस हेराफेरी की सूचना जैसे ही उसे मिली, वह स्कूल परिसर में पहुंची। उसके पहुंचने से ही पहले सोसायटी सचिव स्कूल में पहुंच चुकी थीं और प्रधानाचार्य से बातचीत कर रही थीं कि मैंने स्कूल को जो आठ बोरी चावल भेजे थे, उसमें से सिर्फ दो बोरी ही मिड-डे मिल इंचार्ज ने स्कूल में उतारे हैं। बाकी ट्राला वाले से मिलकर खुर्द-बुर्द करके स्कूल का राशन बेच दिया है। उसने भी जब चावल की बोरी को देखा तो दो बोरी ही स्कूल में उतरे थे। इसके बाद इसने मिड-डे मील इंचार्ज से भी इस बारे में पूछताछ की। तब उसने अपनी गलती को स्वीकार किया है। पहले भी हेरा-फेरी करता रहा आरोपी : एसएमसी इंचार्ज
एसएमसी इंचार्ज ने आरोप लगाया कि उक्त आरोपी पहले भी स्कूल के राशन में हेरा-फेरी करता रहा है। एसएमसी इंजार्ज का कहना है कि एसएमसी की तरफ से इंचार्ज को पचास हजार रुपए पैनल्टी का प्रस्ताव डाला है। उधर, एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 406,409 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद