राजकीय महाविद्यालय खड्ड में सड़क सुरक्षा शिविर में किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोगा (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय खड्ड में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना अशोक कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। आरटीओ अशोक कुमार ने हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, मोबाइल फोन से बचाव और सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी माह में देशभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है और हिमाचल प्रदेश में भी इसे प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। जिला ऊना में उपायुक्त के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय निकाय विभागों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाविद्यालय की सड़क सुरक्षा नोडल अधिकारी प्रो. आकृति जोशी और एनएसएस अधिकारी प्रो. वीरेंद्र सिंह ने भी विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।