प्राथमिक विद्यालय और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में मनाया सालाना समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड़ (ऊना)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला दुलैहड़ और राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुलैहड़ के प्रांगण में वार्षिक समारोह मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त जतिन लाल ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगजीत सिंह राणा ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद छात्राओं ने संस्कृत में स्वागत गीत गाया। विद्यार्थियों ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने फनी डांस किया। इसमें तरुण, विकास, अंशुल, आदित्य, नीलेश, वंश आदि ने भाग लिया। कविता पाठ में आदिल, अन्वी, अदिति, अयान ने भाग लिया। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में स्कूल में प्रदान की जा रही समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और अपने कौशल निखारते रहने की प्रेरणा दी। इस दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में नर्गिस, शिवम और शौर्य को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड में मेरिट सूची में आने पर सम्मानित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।