गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के पीएम श्री स्कूलों के 76 मेधावी छात्रों ने 24 जनवरी से 28 जनवरी तक बंगलूरू में समग्र शिक्षा के तहत आयोजित एक भ्रमण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बंगलूरू के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन स्थलों का दौरा किया। इनमें बंगलूरू पैलेस, फूल प्रदर्शनी, वंडरलॉ, इसरो, इस्कॉन टेंपल, और विश्वेश्वराय विज्ञान संग्रहालय शामिल हैं। इस भ्रमण में ऊना जिले के पीएम श्री स्कूल बहडाला और अंब के आठ छात्रों ने भाग लिया। इनके साथ एसएमटी अनु संदल एस्कॉर्ट शिक्षक के रूप में मौजूद रहीं। इसरो में वरिष्ठ वैज्ञानिक बी. शंकर मेदास्वामी ने छात्रों के साथ चंद्रयान-3 की सफलता की कहानी और मंगल मिशन के बारे में बातचीत की और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया। इस भ्रमण का उद्देश्य शिक्षकों और छात्रों को समग्र शिक्षा के उद्देश्यों और गतिविधियों से अवगत कराना था। समग्र शिक्षा टीम की समन्वयक मंजुला शर्मा ने बताया कि शिक्षकों और छात्रों ने इस अनुभव को अत्यंत उपयोगी बताया। संवाद